खोदावंदपुर/बेगूसराय। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में मात्र एक एमबीबीएस चिकित्सक के भरोसे चल रहा है, यहां चिकित्सक के कुल 7 पद हैं, जिसमें एकमात्र एम बी बी एस डॉ अनिल प्रसाद हैं, जो प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का उत्तरदायित्व निभा रहे हैं. इनके अलावे डेंटल सर्जन डॉ के के झा यहां पदस्थापित हैं. इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक डॉ अनुकृति ठाकुर पदस्थापित हैं, जो वर्तमान समय में मातृत्व अवकाश में हैं. इस अस्पताल में तीन आयुष चिकित्सक पदस्थापित हैं, जिनमें डॉ मोहम्मद मुस्तफा, डॉ वर्षा रानी एवं कविता कुसुम शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार यहां आयुष चिकित्सक के द्वारा ही आउट डोर का काम देखा जाता है. आयुष चिकित्सक ही रोगियों की जांच व अंग्रेजी दवा लिखने का कार्य करते हैं. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि एम बी बी एस डिग्री धारी डॉक्टर के नहीं रहने से काफी परेशानी होती है. इस अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों के अनुरूप डॉक्टरों के पदस्थापन की मांग सिविल सर्जन से कई बार की गयी है, परंतु इस दिशा में अबतक कोई कदम नहीं उठाया गया है.