खोदावंदपुर,बेगूसराय। दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव में ग्रामीण नाला जाम हो जाने के कारण सड़क पर गंदा पानी का जलजमाव हो गया है, जिससे सड़क पर चलना कठिन है. यह मामला दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव स्थित वार्ड 8 का है. चलकी के ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री नाली गली योजना से पक्की नाला बनाया गया था. जो नाला भर गया है, जिसके कारण नाला से जल निकासी नहीं हो रही है. नाला का उड़ाहीकरण नहीं किया जा रहा है. नाला भर जाने से विगत दो महीने से पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे अब लोगों को इधर से गुजरने में भी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने ग्रामीण नाला को साफ कराये जाने की मांग किया है. ग्रामीणों ने बताया कि चलकी चौक से तेतराही गांव की ओर जाने वाली ग्रामीण कालीकरण सड़क पर जलजमाव व जलजमाव से सड़क टूट जाने की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को दे दी गयी है, परंतु इस समस्या का अबतक निराकरण नहीं किया गया है.इस संदर्भ में पंचायत के मुखिया उमा कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नल जल योजना का पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से पानी बह रहा है. नाला में पानी भर जाने के आलोक में ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन से नाला से जल निकासी करवाया था, जिसके कारण नाला का ढक्कन भी टूट गया है. यह मामला उनके संज्ञान में है. उन्होंने निवर्तमान बीडीओ को इसकी जानकारी दिया था. तत्कालीन बीडीओ नवनीत नमन ने जलजमाव स्थल का निरीक्षण भी किया था. विधानसभा चुनाव के कारण कार्य अवरुद्ध हो गया. शीघ्र ही पंचायत स्तर से योजना पारित कर इस समस्या का निराकरण किया जायेगा.