नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का किया अनावरण

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में भारत रत्न व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का अनावरण किया गया. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के मंझौल आगमन के दौरान शुक्रवार को वर्चुअल रूप से रिमोट का बटन दवाकर इस प्रतिमा का अनावरण किया. इस कार्यक्रम के दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता व इंडिया गठबंधन के स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे. कर्पूरी सभागार में भारत रत्न स्व. कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा लगाये जाने से लोगों में प्रसन्नता है. बताते चलें की करीब दो दशक पहले तत्कालीन गन्ना विकास राज्य मंत्री सह स्थानीय विधायक अशोक कुमार ने विधायक निधि से प्रखंड मुख्यालय में कर्पूरी सभागार का निर्माण करवाया था. इस सभागार में कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा लगाने की मांग उसी समय से की जा रही थी, लेकिन जनता के मांगों को किसी विधायक, सांसद, विधान परिषद ने पूरी नहीं की, तो वर्षों बाद चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक राजवंशी महतो ने खोदावंदपुर कर्पूरी सभागार में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं मंझौल में अमर शहीद नित्यानंद साहु के प्रतिमा स्थापित किया. दोनों प्रतिमा का अनावरण नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के द्वारा किया गया. इस नेक कार्य के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन कार्यकर्ताओं के अलावे सैकड़ों सामाजिक व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक के प्रति आभार प्रकट किया है. मौके पर विधायक प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा, राम उदय महतो, सुबोध कुमार, मनोज ठाकुर, गुलाब लाल महतो, अजय ठाकुर समेत अन्य ने स्व. कर्पूरी ठाकुर के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा- सुमन अर्पित किया.