महिला जन संवाद में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नीतीश सरकार के कार्यों की दी गयी जानकारी

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के बाड़ा पंचायत में महिला जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिर्जापुर परिसर में आयोजित महिला जन संवाद कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से नीतीश सरकार के महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किये गये विभिन्न कार्यों की जानकारी महिलाओं को दी गयी. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जीविका के सामुदायिक समन्वयक वशिष्ठ पासवान एवं क्षेत्रीय समन्वयक चंदन कुमार राय ने बताया कि नीतीश सरकार के द्वारा महिलाओं के लिए किये गये प्रमुख कार्यों की जानकारी महिलाओं को उनसे सीधे संवाद कार्यक्रम के माध्यम से दी जा रही है, जिनमें शराबबंदी से घरेलू हिंसा में आयी कमी, बाल विवाह से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान एवं दहेज के लेन देन के कारण बिगड़ते पारिवारिक रिश्ते की जानकारी शामिल है. इसके अलावे महिलाओं के उत्थान के लिए जीविका समूह का गठन, जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराया जाना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रियायती दर पर बैंक से ऋण की व्यवस्था, महिलाओं को नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था, बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही बालिका साईकिल योजना, बालिका पोशाक राशि योजना आदि योजनाओं के बारे में महिलाओं को इस कार्यक्रम के जरिए जागरूक किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं को भी साझा किया जा रहा है. बैंक से ऋण प्राप्ति में हो रही परेशानी, मुख्यमंत्री नल जल योजना से संबंधित परेशानी के अलावे अन्य सामूहिक समस्याओं का मुद्दा भी महिलाओं द्वारा इस कार्यक्रम में उठाया जा रहा है. महिलाओं द्वारा उठाये जा रहे विभिन्न मुद्दों की सूची बनाकर इसके निराकरण के लिए संबंधित विभाग के बेबसाईट पर ऑनलाइन किया जा रहा है. इस महिला जन संवाद कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न गावों से आयी दर्जनों महिलाएं शामिल थी.