खेल मंत्री ने जदयू कार्यकर्ताओं को खोदावंदपुर में खेल स्टेडियम निर्माण का दिया भरोसा

खोदावंदपुर,बेगूसराय। बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय मैदान को खेल स्टेडियम बनवाने का आश्वासन जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं को दिया है. साथ ही पूरे मैदान की चाहरदीवारी करवाने का भरोसा भी दिया है. इसकी जानकारी प्रखंड जदयू अध्यक्ष मनीष कुमार ने दी है. उन्होंने बताया कि खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय मैदान की दुर्दशा के कारण मैदान में जलजमाव है. साथ ही मैदान की जमीन का अतिक्रमण भी किया जा रहा है, जिससे इस मैदान में शारीरिक प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं में घोर निराशा देखी जा रही है. प्रखंड जदयू अध्यक्ष ने बताया कि उनके नेतृत्व में जदयू जिला उपाध्यक्ष रामराज महतो, फफौत पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार सहित खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के जदयू कार्यकर्ताओं का शिष्ट मंडल बिहार सरकार के खेल मंत्री से रविवार को मिला था और खेल मंत्री के सामने यह मांग रखी थी. खेल मंत्री ने खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय मैदान की चाहरदीवारी निर्माण व खेल स्टेडियम निर्माण का आश्वासन जदयू कार्यकर्ताओं को दिया. खेल मंत्री के इस आश्वासन से खेल प्रेमियों में काफी खुशी देखी जा रही है.