बेगूसराय। प्रारंभिक शिक्षा राष्ट्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। छात्र ही राष्ट्र के कर्णधार हैं। जीवन में प्रतिभा प्रदर्शन करने का अनेकों बार मौका आप सबों को मिलेगा। यह बातें कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद मुख्य अतिथि जीडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम अवधेश सिंह ने सदर प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय रतौली में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों के छठा दीक्षांत समारोह में कही। प्राचार्य ने कहा कि आगे भी मेहनत करें और ऊंचाई तक जाने के साथ ही एक अच्छा इंसान बने। वहीं प्रो कमलेश कुमार ने कहा बच्चों के चरित्र का निर्माण शिक्षक ही करते हैं, उसके सपनों को उड़ान भी शिक्षक ही देते हैं। शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों की भी वो सीख देते हैं। इस मौके पर शिक्षा विभाग के डीपीओ जमाल मुस्तफा ने कहा एक अच्छी शिक्षा से ही एक अच्छे समाज का निर्माण हो सकता है। वहीं सदर प्रखंड के बीडीओ सुदामा प्रसाद सिंह ने कहा कोई लड़का अधिकारी भले ही नहीं बने, लेकिन अपने ज्ञान का अर्जन कर अपने समाज को एक नई दिशा देने का काम करें। यही शिक्षा का मूल उद्देश्य है। एस के महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ स्वपना चौधरी ने कहा आज का दिन भविष्य निर्माण की ओर पहला दिन है, बच्चों का मन कच्चा है, कभी डरना नहीं है, आगे हमेशा बढ़ते रहना है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य धनंजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने वाले अष्टम के कुल 83 बच्चे हैं, हम उन सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। वहीं आठवीं कक्षा उत्तीर्ण हुई एक छात्रा अपनी अनुभव को साझा करते हुए अनुराधा कुमारी ने कहा सपने दिल में होनी चाहिए, हम में असीम उर्जा है। हम बच्चे चाहेगें तो सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं। इस दीक्षांत समारोह के अवसर पर जिले के वरिष्ठ पत्रकार नन्द किशोर सिंह को विद्यालय परिवार की शिक्षकाओं के द्वारा हरा पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं आठवीं कक्षा से उत्तीर्ण हुए सभी छात्र छात्राओं को विद्यालय स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ ही प्रगति पत्र दी गई। इस अवसर पर पन्हास भारद्वाज गुरुकुल के निदेशक शिव प्रकाश भारद्वाज, डॉ रमन झा, विवेकानंद शर्मा, सेवानिवृत्त कमांडेंट राकेश रंजन, गीता पांडेय, सुशील नगर विद्यालय के प्राचार्य श्रीराम पंडित, बीहट मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार सिंह, शिक्षक उमेश मिश्रा, अनुपमा सिंह, रतौली विद्यालय की शिक्षिका सुचित्रा कुमारी, पल्लवी कुमारी, प्रियंका, जयमाला, अजय कुमार, शंकर पंडित, कुमारी कल्पना चौधरी, मुकुंद कुमार सिंह, अनिता सिन्हा, मो शाह आलम, अनमोल कुमारी, बबीता कुमारी, कोमल कुमारी, सौरव कुमार समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन प्रो गौतम कुमार ने किया।