खोदावंदपुर: आपदा की घड़ी में सरकार के खजाने पर पहला अधिकार पब्लिक का: प्रभारी मंत्री डॉ शमीम, बेगूसराय सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर जिले के प्रभारी मंत्री ने दी जानकारी

खोदावन्दपुर/बेगूसराय। आपदा की घड़ी में सरकार के खजानों पर सबसे पहला अधिकार अगर है तो वह पब्लिक का। इस जिला के लोग जहां एक तरफ सुखाड़ से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ बाढ़ से, इस आपदा की घड़ी में बिहार में महागठबंधन की सरकार जो गरीबों की सरकार है। हमारे सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का यह सोच है कि आपदा की घड़ी में पीड़ित सभी लोगों की सेवा करना। ये बातें बेगूसराय सर्किट हाउस में बिहार सरकार के विधि मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ शमीम अहमद ने प्रेसवार्ता में कहीं।उन्होंने कहा कि गंगा अभी थोड़ा रौद्र रूप में है,  लेकिन जल्द ही गंगा का जलस्तर घटेगा। कल मेरे द्वारा साहेबपुरकमाल और बलिया प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया गया। बाढ़ प्रभावित लोगों को देखा, मैंने तुरंत अधिकारियों को जरूरत के हिसाब से बाढ़ पीड़ितों के लिए कम्युनिटी किचन को चालू करने, सूखा भोजन, पॉलिथीन सीट, मेडिकल कैंप की व्यवस्था करने और उनके मवेशियों के लिए पशु चारा, साथ ही नाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी कोई कोताही इसमें नहीं बरतेगें। जब पत्रकारों के द्वारा एक सवाल शाम्हो प्रखंड के तीनों पंचायत के लगभग 30 हजार की आबादी बाढ़ से अभी प्रभावित है, जहां इनके लिए नाव, सुखा, भोजन, पशुचारा की क्या व्यवस्था की गयी है तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी हमारे मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह देगें। विधायक श्री सिंह ने बताया कि मैं स्वयं नगर निगम क्षेत्र के कमरुद्दीनपुर, सिहमा और रामदीरी गांव के अलावे शाम्हो प्रखंड के बाढ क्षेत्र का दौरा किया, जहां जो भी कमी मैने देखा, इसकी पूरी जानकारी डीएम और संबंधित प्रखंड के सीओ व बीडीओ को दिया है। सभी बाढ पीड़ित परिवारो को हर संभव, सहायता उपलब्ध करायी जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा जिले में जहां पर सुखार हुआ है, वहां के किसानों के फसल क्षति का आकलन करके संबंधित अधिकारियों को जांच प्रतिवेदन समर्पित करेगें और सरकार अपने जरुरत के हिसाब से उचित मुआवजा देगी। इस मौके पर राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधान पार्षद डॉ तनवीर हसन, चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजवंशी महतो, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, बखरी के पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान, राजद के जिलाध्यक्ष मोहित यादव, जिलाध्यक्ष अशोक यादव समेत कई अनेक नेता व अधिकारी मौजूद थे।