खोदावन्दपुर: नवाचार पौधा के बदले पेन अभियान को सफल बनाने के लिए सम्मानित किये गये दौलतपुर नवटोलिया के प्रधानाध्यापक, सम्मान मिलने से लोगों में खुशी

खोदावंदपुर/बेगूसराय। शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचार के लिए जाने वाले विद्यालयों में खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय दौलतपुर नवटोलिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद अब्दुल्लाह को पर्यावरण संरक्षण व लावारिस फलदार पौधों को संरक्षित करने के लिए किये गये नवाचार पौधा के बदले पेन अभियान के लिए डॉ राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा द्वारा रविवार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह, नगर विधायक कुंदन कुमार व विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ कृष्ण कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से कृषि विज्ञान केन्द्र खोदावन्दपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया।  इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह का सम्मान मिलने से सरकारी विद्यालय के शिक्षकों में बच्चों के बीच नवाचारी कार्य को बल मिलेगा। वहीं केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कुलपति ने कहा कि लावारिस पौधों को संरक्षित करना पर्यावरण संरक्षण के दायित्वबोध का परिचायक है। यह अभिनव नवाचार पर्यावरण संरक्षण को एक नई दिशा देगा। मौके पर निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ एमएस कुंडू, केविके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल सहित अनेक लोग मौजूद थे। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार के लिए यह सम्मान मिलने से प्रखंड क्षेत्र के स्कूली बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों तथा शिक्षा प्रेमियों में खुशी देखी जा रही है। डीपीओ एसएसए जमाल मुस्तफा ने कहा कि दौलतपुर नवटोलिया विद्यालय ने नवाचार के माध्यम से यह सम्मान पाकर एक मिसाल कायम किया है। विद्यालय की इस उपलब्धि पर बीडीओ राघवेन्द्र कुमार, बीईओ दानी राय, शिक्षाविद डॉ भगवान प्रसाद सिन्हा, विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष अहिल्या देवी, मिथलेश चन्द्र झा, समाजसेवी रामगुलजार महतो, पूर्व जिला पार्षद अरविंद कुमार सहित दर्जनों लोगों ने खुशी व्यक्त किया है।