बेगूसराय जिला परिषद के शिक्षक अभ्यर्थियों ने कराया 27 जुलाई को अंतिम काउंसलिंग, डीडीसी सुशांत ने कहा 30 जुलाई को जिला परिषद कार्यालय में जिप के माध्यमिक/उच्च माध्यमिक शिक्षक अभ्यर्थियों को दिया जायेगा नियुक्ति पत्र

खोदावन्दपुर/बेगूसराय। छठे चरण के लिए जिला परिषद माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षक नियोजन 2019-2020 प्रक्रिया के तहत बुधवार को उप विकास भवन के डीआरसीसी भवन में अंतिम मेधा सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग शांतिपूर्वक संपन्न हो गया. काउंसलिंग का कार्य सुबह 10 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक संचालित किया गया. काउंसलिंग में संबंधित अभ्यर्थियों के सभी प्रमाण पत्रों का मूल प्रति का सत्यापन भी किया गया. इस काउंसलिंग में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद सह डीडीसी सुशांत कुमार, जिला परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, कार्यपालक अभियंता नवल किशोर, डीईओ शर्मिला राय, सदर बीडीओ सुदामा प्रसाद, बरौनी वीरेंद्र कुमार, बलिया बीडीओ सुधीर कुमार के अलावे वरीय लेखा पदाधिकारी कृष्ण देव पासवान, मनोज कुमार, जिला परिषद के नियोजन शिक्षक पदाधिकारी अरुण कुमार, मनीष कुमार समेत अन्य मौजूद थे. काउंसलिंग में गत 16 जुलाई को आयोजित प्रमाण पत्र सत्यापन में शामिल सभी अभ्यर्थियों को कोटि वार व विषय वार आमंत्रित किया गया. इसकी जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद सह डीडीसी सुशांत कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को प्रमाण पत्र सत्यापन में शामिल अभ्यर्थियों की अंतिम मेधा सूची विद्यालय व विषय वार रिक्ति का प्रकाशन जिला परिषद कार्यालय व एनआईसी की वेबसाइट पर कर दिया गया है. डीडीसी ने बताया कि काउंसलिंग के लिए बुलाए गए जो अभ्यर्थी ससमय आज उपस्थित नहीं हुए हैं, उनका स्वत: दावा आपत्ति समाप्त समझा जाएगा. साथ ही चयनित अभ्यर्थियों से सहमति पत्र प्राप्त कर मूल एसटीइटी प्रमाण पत्र उनका रख लिया जाएगा. वहीं जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षकों का पद 160 व उच्च माध्यमिक शिक्षकों का पद 76 प्रकाशित के विरुद्ध माध्यमिक शिक्षक अभ्यर्थियों ने 38 अंतिम मेघा सूची में तथा उच्च माध्यमिक के लिए मात्र 05 शिक्षकों ने काउंसलिंग कराया. मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षक अभ्यर्थियों ने अंतिम काउंसलिंग हिंदी में 03, अंग्रेजी में 01, उर्दू में 01, सामाजिक विज्ञान में 0, गणित में 10, संस्कृत में 04 और विज्ञान विषय में 19 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि उच्च माध्यमिक शिक्षक पद के लिए कंप्यूटर में 02, संस्कृत में 01, हिंदी में 01, संगीत में मात्र 01 शिक्षक अभ्यर्थियों ने अपना अंतिम काउंसलिंग कराया. डीडीसी ने बताया कि 30 जुलाई को जिला परिषद अध्यक्ष कार्यालय में जिला परिषद के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दी जाएगी.