खोदावंदपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव* *दोस्त को ससुराल छोड़कर लौट रहे अरविंद की हत्या, एसपी ने स्वयं घटनास्थल का लिया जायजा*

खोदावंदपुर/बेगूसराय: खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में शुक्रवार की बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. शनिवार की सुबह गुही कुआं और मसुराज दुर्गा स्थान के बीच ग्रामीण सड़क किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव स्थित वार्ड तीन निवासी पवन महतो के 25 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार के रूप में हुई है. घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक BR33AS-3529 और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार की सुबह गढ्ढे में एक बाइक की लाइट जलते हुए देख उसने पास गया तो देखा कि एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है और मोबाइल की रिंग भी बज रही है. तब जाकर राहगीर ने उसके मोबाइल में आये फोन नंबर को अपने मोबाइल से धराकर इसकी जानकारी परिजनों एवं पुलिस को दिया. सूचना मिलते ही मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने शनिवार को शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.
दोस्त को छोड़ने गया था, लौटते समय हुई वारदात:-
परिजनों ने बताया कि अरविंद कुमार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से घर से निकले थे. वह अपने गांव के दोस्त बबलू महतो को उसके ससुराल शाहपुर गांव छोड़ने गए थे. वहां से वह कब निकले, इसकी जानकारी उसके दोस्त को भी नहीं हो सकी.
मोबाइल से मिली पहचान की सूचना:-
घटनास्थल पर पड़े मोबाइल पर कॉल आने पर एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल से उसी नंबर पर फोन करके घटना की सूचना परिजनों को दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अरविंद कुमार महतो के रूप में की.
परिवार में मचा कोहराम:- 
मृतक अरविंद कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. वह गाजियाबाद में दाल मिल में मजदूरी करता था और करीब डेढ़ माह पूर्व ही गांव आया था. मृतक की पत्नी ज्योति कुमारी है, उसके दो छोटे बच्चे- 3 वर्षीय पुत्र अभिराज और 1 वर्षीय पुत्री आरुषि कुमारी है. वहीं उसकी दो बहनें भी हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा:-
घटना की सूचना पर बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने खोदावंदपुर थाना पहुंचकर मृतक के दोस्त से गहन पूछताछ की और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. तथा मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. पुलिस सभी बिंदुओं पर बारिकी से जांच पड़ताल कर रही है.
जांच जारी, जल्द खुलासे का दावा:-
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा.