खोदावंदपुर/बेगूसराय। समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी-अंबेडकर उद्यान में शुक्रवार को भगवान बुद्ध की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महात्मा गांधी और डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के बीच बुद्ध का तैलचित्र स्थापित कर पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज में शांति, मैत्री और करुणा के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया।
विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा:-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य कृष्णदेव प्रसाद सिंह और पूर्व मुखिया मनीषा देवी ने कहा कि बुद्ध के विचार आज के समय में और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं।वक्ताओं ने अष्टांगिक मार्ग (सम्यक दृष्टि, सम्यक संकल्प, सम्यक वाक, सम्यक कर्म, सम्यक आजीव, सम्यक व्यायाम, सम्यक स्मृति और सम्यक समाधि) की विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि यह मार्ग व्यक्ति को दुखों से मुक्ति दिलाकर सही दिशा प्रदान करता है।
पंचशील और बंधुत्व का संदेश:-
किसान सलाहकार प्रेमचंद सिंह, राम कुमार महतो और विनय भूषण ने पंचशील के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अहिंसा, सत्य, अस्तेय, अपरिग्रह और नशा मुक्ति जैसे सिद्धांत एक आदर्श समाज की नींव रखते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से शांति, दया, मैत्री और बंधुत्व के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संजू कुमारी, प्रिया पल्लवी, पिंकी कुमारी, पूनम देवी, रिंकी कुमारी, सुशीला देवी, जनक दुलारी देवी, मनोरमा कुमारी, बिरेन्द्र प्रसाद, संजय कुमार, कपिलदेव दास, विवेक कुमार, सुभावत, आदित्य, मान सिंह मधुकर, राम कुमार मिश्र, राम बालक सिंह ‘बालक’ और कपिलदेव प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।