नवनिर्मित शिव मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा, श्रद्धा और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम

खोदावंदपुर/बेगूसराय। प्रखंड क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत गोगल टोल स्थित नवनिर्मित सार्वजनिक बाबा शिव हनुमान मंदिर में शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया. पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना की गई. मंदिर में नर्मदेश्वर शिवलिंग, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय, नंदीजी एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा विद्वान पुरोहित चंदन ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा संपन्न कराया गया. इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "जय हनुमान" के जयकारों से गूंज उठा. कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया, साथ ही महावीर को मोदक अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई. आयोजन के प्रति ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व आकर्षक ढंग से सजी थार गाड़ी में शिव परिवार की मूर्तियों को रखकर गाजे-बाजे के साथ भव्य ग्राम भ्रमण यात्रा निकाली गई. यह यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर गौरवद्धा टोल, गोगल टोल, पानी टंकी मार्ग होते हुए बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 तक पहुंची उसके साथ मुख्य मार्ग से नंदीवन, महुआ टोल, नागाधाम होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजक एवं मुख्य यजमान दामोदर महतो, इंदल कुमार एवं पत्रकार राजेश कुमार ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण क्षेत्र के लोगों के कल्याण और धार्मिक आस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कराया गया है. इस मौके पर रवीन्द्र कुमार, रामकृष्ण कुमार, उपेन्द्र शर्मा, अमन कुमार, दिलीप कुमार, बाबू प्रसाद महतो, सियाचरण महतो, रामभरोष महतो, रामविनय कुमार, सुरेश महतो, गंगा महतो, रुपेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने बताया कि नवनिर्मित यह शिव मंदिर अब क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां लोग नियमित पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक शांति प्राप्त करेंगे.