खोदावंदपुर,बेगूसराय। सागी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय नुरुल्लाहपुर उर्दू पूर्वी में रास्ता और चहारदीवारी नहीं है, इससे बच्चों और शिक्षकों को स्कूल जाने आने में परेशानी होती है. बताते चलें कि इस विद्यालय की स्थापना वर्ष 2006 में हुई थी. प्रथम वर्ग से पंचम वर्ग तक की पढ़ाई की सुविधा वाले इस स्कूल में वर्तमान समय में कुल 75 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें करीब 60 बच्चे उपस्थित होते हैं. इस विद्यालय की प्रधान शिक्षक कुमारी ज्योति के अलावे तीन सहायक शिक्षक मोहम्मद शादाब, कामिनी कुमारी एवं नुसरत आरा पदस्थापित हैं. स्कूल के बगल के जमीन मालिक का कहना है कि जब विद्यालय की स्थापना की गयी थी तो उस समय विद्यालय प्रबंधन पूरी जमीन पकड़कर विद्यालय बना लिये. विद्यालय भवन निर्माण के समय रास्ते के लिए जमीन छोड़ी ही नहीं गयी. बताते चलें कि मुहल्ले के मुख्य पथ से तीन सौ से अधिक फीट दूरी के बाद विद्यालय भवन बनाया गया है. स्कूल की स्थापना के 21 साल बीत जाने के बाद भी स्कूल तक पहुंच पथ नहीं बना है और न ही चहारदीवारी बनाया गया है. विद्यालय के बच्चे और शिक्षक खेत की मेड़ होकर विद्यालय आते जाते हैं. स्कूल स्थापना के दो दशक बाद भी इस विद्यालय में रास्ते के लिए कोई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण आगे नहीं आये हैं. मिली जानकारी के अनुसार बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों व शिक्षकों को विद्यालय आना जाना मुश्किल हो जाता है. इस विद्यालय में रास्ता और चहारदीवारी निर्माण के लिए अब तक न तो शिक्षा विभाग के अधिकारी या कोई पंचायत प्रतिनिधि ही अपना अभिरूचि दिखाये हैं. विद्यालय में चाहरदीवारी व गेट नहीं रहने से विद्यालय प्रबंधन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्कूल में खेल मैदान का अभाव है. खेलने के क्रम में जब बच्चे खेत में चले जाते हैं तो जमीन मालिक के द्वारा गंदी गंदी गाली दी जाती है और मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं. विदित हो कि स्कूल तक जाने वाली पगडंडी के रास्ते में नुरुल्लाहपुर गांव के वार्ड तीन निवासी मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद मोजिम, दूसरे साइड में मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद चांदराही व मोहम्मद समिल का जमीन पड़ता है. इस विद्यालय के जमीन की भूमिदाता स्वर्गीय महेन्द्र दास हैं. जबकि वर्तमान समय में इस स्कूल के विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष मीना देवी एवं सचिव गुलस्ता प्रवीण हैं.
ग्रामीणों ने अधिकारियों से स्थल जांच कर स्कूल में पहुंच पथ एवं चहारदीवारी का निर्माण अविलंब करवाने की मांग स्थानीय प्रशासन से किया है, ताकि स्कूली बच्चों व शिक्षकों को स्कूल आने जाने में परेशानी नहीं हो. हैरत की बात तो यह है कि सागी पंचायत के मुखिया मोहम्मद इरशाद आलम, उपप्रमुख नरेश पासवान, पंचायत समिति सदस्य जुनैद अहमद उर्फ राजू, पूर्व उपप्रमुख नेतराम यादव, पूर्व मुखिया अनिता देवी, उदयचन्द्र झा, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी, जदयू नेता मोहम्मद अखलाक, फिरोज अख्तर उर्फ हेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों का निवास स्थान भी इसी पंचायत में अवस्थित है.