Khodawandpur तेतराही में छाती पर कलश धारण कर भगवती दुर्गा की कर रहे उपासना, विभिन्न दुर्गा मंदिरों व घरों में कलश स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र शुरू

खोदावंदपुर/बेगूसराय। रविवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों व घरों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र शुरू हो गया.क्षेत्र के सर्व मनोकामना सिद्धि दुर्गा पूजा समिति मसुराज में 121 कलश स्थापित की गयी, जबकि मां भवानी दुर्गा पूजा समिति चलकी में 51, सार्वजनिक दुर्गा मंदिर बरियारपुर पश्चिमी में 41, कृते मां दुर्गा पूजा समिति बाड़ा में 21 कलश स्थापित पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. इसके अलावे मनोकामना दुर्गा मंदिर तेतराही, पथराहा, नारायणपुर, सागीडिह, बाड़ा, चकयद्दू मालपुर एवं मेघौल गांव स्थित दुर्गा मंदिरों के अलावे कई घरों में श्रद्धालुओं ने बूढ़ीगंडक नदी के विभिन्न घाटों, तालाबों, कुआं व चापाकलों पर पवित्र स्नान कर कलश स्थापित कर प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा अर्चना श्रद्धा भाव से की गयी. वहीं दूसरी ओर बाड़ा पंचायत के तेतराही गांव निवासी रामदेव महतो के पुत्र राज कुमार मनोकामना दुर्गा मंदिर तेतराही में छाती पर कलश धारण कर भगवती दुर्गा की उपासना कर रहे हैं. इन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है. साधक के पिता रामदेव महतो ने बताया कि उनका पुत्र आगामी नौ दिनों तक निराहार और निर्जला रहकर भगवती दुर्गा की उपासना करने का संकल्प लिया है. इस मौके पर दुर्गा सप्तशती पाठ से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया. खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलन कर माता भगवती की आरती उतारते हुए वंदना की. मिली जानकारी के अनुसार पूरे प्रखंड क्षेत्र में मां दुर्गा पूजा समिति तारा बरियारपुर आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है. यहां लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. वहीं विधि व्यवस्था को लेकर नवपदस्थापित थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न दुर्गा मंदिरों व मुख्य सड़कों पर लगातार गश्ती करते दिखें.