खोदावंदपुर/बेगूसराय। जदयू के नगर जिलाध्यक्ष पंकज सिंह का पुन: निर्विरोध नगर अध्यक्ष बनने पर खोदावन्दपुर व्यापार मंडल शाखा बाड़ा परिसर में शनिवार को भव्य अभिनंदन किया गया.इस मौके पर अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए जदयू नगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी दल की रीढ़ होते हैं और एक कार्यकर्ता दूसरे कार्यकर्ता को जब तक सहयोग नहीं करेगा, तब तक पार्टी का विस्तार संभव नहीं है. आज राजनीतिक जीवन के पच्चीस वर्षों से नीतीश कुमार के साथ और जदयू के जिले भर में संगठन के विभिन्न पदों पर रहकर जो समन्वय स्थापित करने का कार्य किया है. वह किसी से छिपा हुआ नहीं है. 2002 में चेरिया बरियारपुर विधानसभा में मृपप्राय समता पार्टी को तीनों प्रखंड में संयोजक मनोनीत कर खड़ा किया और दौड़ने के काबिल बनाया. इस दौरान खोदावंदपुर में जिस साथी को संयोजक बनाया. वह नहीं रहे. और फरवरी 2005 के चुनाव में प्रभु सहनी 10 हजार वोट पर सिमट गये, जिसका प्रभारी मैं ही था. पुनः 2005 के नवंबर के चुनाव में राजवंशी महतो उम्मीदवार बने. 21 हजार वोट पर सिमटे. उस समय भी मैं ही प्रभारी था. 2009 में सुखदेव महतो की पुत्रवधू कुमारी मंजू वर्मा लोजपा से जदयू में लायी गयी और नेता नीतीश कुमार ने सुखदेव महतो के कहने पर जदयू का उम्मीदवार बनाया, जो पंचायत समिति के चुनाव में भी हारी हुई थी. उस चुनाव में भी मैं ही प्रभारी था. 2000 से लगातार हार रही पार्टी को एक रणनीति के तहत 1062 वोट से जीत दिलवाने का कार्य आप सब के द्वारा किया गया. उसके बाद से आप कार्यकर्ताओं की बदौलत एक बार छोड़ कर कई झंझावातों के बाद भी जदयू जीतती रही है. इसका पूरा श्रेय आप कार्यकर्ताओं का है. वर्तमान में जदयू के युवा विधायक को चाहिए कि जदयू की पुरानी और वर्तमान पीढ़ी के साथ सामंजस्य स्थापित कर उन्हें सम्मान देते हुए अपने और दल को जोड़ने में सफलीभूत हों. आज विधानसभा के तीन प्रखंडों चेरिया बरियारपुर, खोदावंदपुर और छौड़ाही में सांगठनिक चुनावों का नहीं होना संगठन की ताकत, विस्तार और भविष्य के लिहाज से दुर्भाग्यपूर्ण है. स्वागत भाषण करते हुए जद यू के वरिष्ठ नेता एवं प्रखंड बीस सूत्री सदस्य अखलाक अहमद ने कहा कि नगर जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने पिछले पैंतीस वर्षों से बेगूसराय जिले का कोई कोना नहीं छोड़ा हैं, जहां कार्यकर्ता के सुख दुःख में शामिल नहीं हुए हों. साथ ही पंकज सिंह का महत्व इससे पता चलता है कि वे निर्विरोध बेगूसराय नगर हेडक्वार्टर के अध्यक्ष चयनित हुए. वहीं जिला जद यू ग्रामीण अध्यक्ष के चुनाव में हुए सिरफुटौवल का नजारा सार्वजनिक रूप से सबने देखा. चाहे प्रत्यक्ष रूप से या विभिन्न समाचार माध्यमों अथवा सोशल मीडिया के द्वारा ही सही. मौके पर खोदावंदपुर किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड जदयू अध्यक्ष कुंदन झा, प्रखंड उपाध्यक्ष सरोज कुमार, जिला जल श्रमिक संघ के अध्यक्ष मदन सहनी, वरिष्ठ जदयू नेता शंकर यादव, मोहम्मद फिरोज अख्तर उर्फ हेना, मोहम्मद भोला, रामसेवक महतो सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.